सेक्टर-38 में बीते शुक्रवार को एक व्यापारी को महिला और उसके साथियों ने मारपीट कर लूटपाट की थी, लेकिन मामले में पुलिस ने अभी तक एफआईआर तक दर्ज नहीं की है। पीड़ित का कहना है कि वारदात के बाद जिस बाइक और एक्टिवा पर आरोपी फरार हुए थे, उसका नंबर देने के बाद भी आरोपियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है।
पुलिस ने जिसके नाम एक्टिवा है, उसे बुलाया लेकिन बाद में छोड़ दिया। पुलिस कहती है जिसके नाम एक्टिवा है वह उसे चलाता ही नहीं है। साफ तौर पर पुलिस जांच से बच रही है। वहीं पीड़ित मुकेश कुमार का कहना है कि जब किसी से उसकी कोई दुश्मनी नहीं और न ही वह उस महिला को पहचानता है, जो उससे पता पूछ रही थी।
वहीं मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि हमलावर सिर्फ लूट के मकसद से नहीं आए थे। वह मुकेश को मार डालना चाहते थे। क्योंकि मुकेश के बेसुध हो जाने के बाद भी वह उसे पीट रहे थे। मामले में जांच अधिकारी नीरज कुमार का कहना है कि वह जांच कर रहे हैं।
लोगों से पूछताछ की जा रही है। जो पीड़ित ने वाहनों का नंबर दिया था। उसमें से एक नंबर गलत था। जबकि दूसरा एक्टिवा का नंबर था। एक्टिवा वाले को थाने बुलाकर उससे पूछताछ करने के बाद वारदात में शामिल होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। एफआईआर जांच पूरी होने के बाद दर्ज की जाएगी।
यह है मामला
बीते शुक्रवार रात को सेक्टर 32 निवासी मुकेश कुमार से पता पूछने के बहाने महिला और उसके साथी व्यापारी से 65 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, चेन, पर्स और मोबाइल छीन ले गए थे। मुकेश कुमार की मोहाली के फेज-1 में टेंट हाउस की दुकान है।
वह सेक्टर-38 से किसी से पेमेंट ले कर लौट रहा था। मुकेश के अनुसार वह पैसे लेने के बाद सेक्टर-38 की मार्केट में किसी काम से गया था। लौटते वक्त वह जैसे ही गाड़ी में बैठने लगा, उसके पास एक महिला आई और उसने पता पूछा। अभी मुकेश महिला से बात कर रहा था कि पीछे से उसके सिर पर वार हुआ। जैसे ही पीछे मुड़ा उस पर तीन चार युवक डंडों से टूट पड़े। जिसके बाद वह बेहोश होकर वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद मार्केट वालों ने 100 नंबर पर फोन किया। पीसीआर मौके पर पहुंची और घायल को जीएमएसएच-16 ले कर गई।