16 फरवरी को लौंगोवाल में दिनदहाड़े फाइनेंसर को गोली मारकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनसे दो अवैध विदेशी पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
मामले के मुख्य आरोपी गैंगस्टर दलविंदर सिंह बबली ने कुछ दिन पहले अदालत में आत्म समर्पण किया था। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी नामजद किया है जिसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है।
एसएसपी इंदरबीर सिंह ने बताया कि 16 फरवरी को सुबह करीब 10.30 बजे फाइनेंसर हरदेव सिंह हैप्पी को सरेआम बाजार में दलविंदर सिंह बबली, वरिंदर सिंह, सराज खान (सभी निवासी रंधावा पत्ती लौंगोवाल), गुरप्रीत सिंह निवासी लोहाखेड़ा और अमनदीप सिंह वासी रंधावा पत्ती लौंगोवाल ने गोली मार दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी फरार हो गए थे। उनके खिलाफ थाना लौंगोवाल में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस ने किया नामजद
गिरफ्तार
- फोटो : File Photo
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए एसपी (इंवेस्टीगेशन) सेवा सिंह मल्ली, डीएसपी सुनाम जश्नदीप सिंह, ईओ विंग के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमनपाल सिंह, सीआईए बहादुर सिंह वाला के इंचार्ज इंस्पेक्टर महिंदरपाल सिंह, थाना सिटी सुनाम के प्रभारी राहुल कौशल और लौंगोवाल थाने के प्रभारी सिकंदर सिंह ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों के घरों और रिश्तेदारियों में दबिश दी जा रही थी।
पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण मुख्य आरोपी दलविंदर सिंह बबली ने संगरूर अदालत में 28 फरवरी को आत्म समर्पण कर दिया था। पुलिस ने अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए मामले में शामिल वरिंदर सिंह, सराज खान, गुरप्रीत सिंह और अमनदीप सिंह को चंगाल रोड मस्तुआना साहिब से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनसे दो अवैध विदेशी पिस्टल (मेड इन इटली) और कारतूस बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद धनवंत सिंह निवासी अमरू कोटड़ा थाना चीमा हाल आबाद बहादरपुर को भी इस मामले में नामजद किया गया है जिसकी गिरफ्तारी बाकी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।