कुराली में पपराली रोड पर बुधवार दोपहर टिप्पर की चपेट में आने से चंडीगढ़ निवासी साइंस टीचर की मौत हो गई। वह कुराली के इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में कार्यरत थीं। हादसा स्कूल की छुट्टी के बाद हुआ। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से भाग गया। हालांकि, पुलिस ने टिप्पर की पहचान कर ली है।
जानकारी अनुसार, स्थानीय इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की टीचर रीतू धीमान (30) पत्नी मनीष धीमान निवासी सेक्टर-37सी चंडीगढ़ बुधवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद एक्टिवा नंबर सीएच01 एडी 5304 से घर जा रहीं थीं। इस दौरान पपराली रोड पर स्कूल पास ही वह टिप्पर की चपेट में आ र्गइं।
हादसे में रीतू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने ही शहरवासी और स्कूल स्टाफ घटनास्थल पर पहुंच गया। स्कूल के डायरेक्टर अशोक कौशल ने बताया कि रीतू स्कृल की ही छात्रा थीं।
एमएससी, बीएड करने के बाद से वह स्कूल में बतौर साइंस टीचर कार्यरत थीं। वहीं, टीचर के परिवार के सदस्यों ने बताया कि रीतू गर्भवती थीं। साथ ही उसका एक वर्ष का बेटा भी है। एसएचओ अमरबीर सिंह ने बताया कि टिप्पर की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव खरड़ के अस्पताल में भेज दिया है।