होशियारपुर के बस्सी जलाल गांव में जहरीली दवा पीने से प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बली राम पुत्र फूला निवासी वारया खेड़ा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके भाई बंधु के बयान पर टांडा पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। बंधु ने कहा कि उसका भाई छह महीने पहले पंजाब आया था और खेत मजदूर के रूप में काम कर रहा था। उसकी पत्नी कुछ दिन पहले बच्चे के साथ उत्तर प्रदेश गई थी। दो जुलाई को उसके एक रिश्तेदार का फोन आया कि बली राम नशे में है और उसने कोई जहरीली दवा निगल ली है। सरकारी अस्पताल टांडा में प्राथमिक उपचार के बाद उसे गुरु नानक मेडिकल कॉलेज अमृतसर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
कपूरथला: गलत दवाई खाने से एएसआई की मौत
कपूरथला थाना सिटी में तैनात एएसआई कि गलत दवाई खाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान एएसआई मनजीत सिंह निवासी गांव खानोवाल के तौर पर हुई है। थाना सिटी में तैनात एएसआई मंजीत सिंह निवासी गांव खानोवाल थाना सदर की किसी बीमारी की दवाई चल रही थी। देर शाम उन्होंने गलती से घर में पड़ी कोई अन्य दवाई खा ली। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों ने तुरंत मनजीत सिंह को जालंधर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके उपरांत शव को सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया। थाना सदर प्रभारी सोनमदीप कौर ने बताया कि मृतक एएसआई की पत्नी निर्मल कौर के बयान के आधार पर धारा 174 की कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।