अंकल यही है वो, इसे मत छोड़ना। मंगलवार रात किडनैप हुई 10 साल की बच्ची कोर्ट में आरोपी को देखकर कुछ इसी तरह चिल्ला उठी।
वह 164 के तहत बयान दर्ज कराने आई थी। उधर, बच्ची को किडनैप कर रेप का प्रयास करने के इस आरोपी को चंडीमंदिर थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सेक्टर-26 मदनपुर से मंगलवार रात अंडे की रेहड़ी के पास खड़ी 10 साल की बच्ची को यूपी के औरेया निवासी गौरव ने किडनैप कर लिया था। उसने बच्ची के साथ दुराचार का भी प्रयास किया।
हालांकि, पुलिस की नाकाबंदी देखकर वह मंगलवार देर रात ही बच्ची को उसके घर के बाहर छोड़ गया, लेकिन नशे में होने के कारण बच्ची को एक कार्ड पर अपना मोबाइल नंबर लिखकर दे गया।
इसे ट्रेस करके पुलिस ने बुधवार को पंचकूला के एक होटल के बाहर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गुड़गांव के व्यापारी का ड्राइवर है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी गौरव गुड़गांव के एक व्यापारी का ड्राइवर है। व्यापारी को लेकर ही वह मंगलवार को पंचकूला आया था और उन्हें होटल में छोड़ने के बाद वारदात को अंजाम दिया।
किडनैपिंग का मामला मंगलवार को ही दर्ज कर लिया गया था, जबकि रेप के प्रयास की धाराएं बुधवार को जोड़ी गई।
बयान में बताई आपबीती
वीरवार को जब आरोपी गौरव को लेकर पुलिस कोर्ट में पहुंची तो वहां बच्ची के भी धारा 164 के तहत बयान दर्ज हो रहे थे।
जब उसने गौरव को देखा तो चिल्लाने लगी और पुलिसकर्मियों से कहा कि अंकल यही है वो, इसे मत छोड़ना।
पीड़िता ने कोर्ट में दर्ज बयान में सारी घटना की जानकारी दी कि उसे कैसे किडनैप किया गया और उसके साथ कैसे गलत हरकतें की गई।
आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि बच्ची को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।