फेज-10 में बंद पड़े शराब कारोबारी के घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए घर से डॉयमंड और सोने की लाखों रुपये की ज्वेलरी उड़ा ली। थाना फेज-11 पुलिस ने मकान मालिक बलजिंदर कश्यप की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
मकान मालिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वे दस जनवरी को परिवार समेत जालंधर गए थे। जब अगले दिन वापिस आए तो घर के मेन दरवाजे बंद थे। अंदर गए तो देखा कि सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और दरवाजे की चौखटें टूटी हुईं थीं।
वहीं, लाखों रुपये की ज्वेलरी गायब थी। उन्होंने बताया कि चोर घर की मांटी के सहारे छत पर पहुंचे। इसके बाद ऊपर का दरवाजा खुला होने के चलते घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने डॉयमंड और सोने के गहनों को उठाया। जबकि नकदी चोरी होने से बच गई।
थाना फेज-11 पुलिस ने केस दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है। जिक्रयोग है कि बलजिंदर सिंह इलाके के नामी शराब के कारोबारी हैं। उनका व्यापार पंजाब ही नहीं बल्कि चंडीगढ़, हरियाणा और हिमाचल समेत कई इलाकों में है।