सेक्टर-22 में बुधवार को रात तीन बाइक सवार ज्वैलरी शॉप के मालिक को चकमा देकर कार से नोटों से भरा बैग ले गए।
सेक्टर 22 स्थित एरेन ज्वैलर के मालिक को तीन युवकों के खिलाफ 4.50 लाख रुपयों से भरा बैग चोरी कर ले जाने की शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात को 48 घंटों से ज्यादा समय हो गया है। लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9 बजे ज्वैलरी शॉप के मालिक मनीष अग्रवाल सेक्टर-22 डी से एससीओ नंबर-3 स्थित एरेन ज्वैलर के मालिक मनीष अग्रवाल कार से सेक्टर 33 घर के लिए निकले थे। जैसे ही वह सेक्टर-22 की डिस्पेंसरी के पास पहुंचे तो एक बाइक पर आए तीन युवकों ने मनीष को उसकी कार के टायर की तरफ इशारा किया। मनीष को भी लगा कि शायद टायर में हवा कम है।
इसके बाद मनीष सेक्टर-22 स्थित अरोमा पेट्रोल पंप पर पहुंचे। लेकिन वहां हवा भरने वाला कोई नहीं था। तीनों बाइक सवार युवक पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और बाइक की हवा भरने लगे।
बोनट से तेल गिर रहा है कहकर बैग ले उड़े
पैट्रोल पंप पर बाइक सवारों में से एक युवक ने मनीष अग्रवाल से कहा कि उनकी गाड़ी के बोनट से तेल लीक हो रहा है। जैसे ही मनीष अपनी गाड़ी से बाहर आए तो गाड़ी अनलॉक हो गई। मनीष बोनट खोल कर इंजन चेक कर रहे थे कि एक युवक ने गाड़ी में रखा नोटों से भरा बैग निकाल लिया और तीनों फरार हो गए।
सेक्टर 22 दुकान से ही पीछा कर रहे थे
पीड़ित का कहना है कि जब रुपयों से भरा बैग ड्राइवर सीट के साथ वाली सीट के नीचे रखा था। इसके बाद चंद ही कदमों पर डिस्पेंसरी है। वहां पहले से बाइक पर तीन युवक बैठे थे। शायद वह पहले ही मनीष को दुकान से निकलते हुए देखकर दुकान के कुछ दूरी पर आकर बैठ गए और इंतजार करने लगे। जैसे ही वहां पहुंचे तो प्लान के मुताबिक वह बैग ले गये।
पैट्रोल पंप कर्मी ने बैग चोरी होने पर मचाया शोर
मनीष को बैग चोरी होने का पता नहीं चला। लेकिन पंप पर तैनात एक कर्मी ने युवकों को बैग ले जाते हुए देख लिया। पंप वाले ने ही शोर मचाकर मनीष को बैग चोरी होने की सूचना दी। पीड़ित कार लेकर बाइक सवारों को ढूंढने के लिए गया भी पर कुछ पता नहीं चला। आरोपियों के न मिलने पर ज्वैलर ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर सेक्टर-22 चौकी प्रभारी जय भगवान, सब इंस्पेक्टर व जांच अधिकारी तारा चंद मौके पर पहुंचे और मनीष के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस ने सभी जगह चोरी का मैसेज फ्लैश कराया। लेकिन आरोपियों का पता नहीं चला।
पैट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सेक्टर 22 चौकी इंचार्ज जयभगवान का कहना है कि पैट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस ने हासिल कर ली है। लेकिन उसमें न तो आरोपियों की तस्वीर साफ है और न ही बाइक का नंबर नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बस स्टैंड वाले रोड की तरफ फरार हुए थे। पुलिस ने बताया कि बदमाशों के सामने आने पर ज्वैलर उन्हें पहचान सकता है।
कोट्स
अभी तक चोरों का पता नहीं चला है। सीसीटीवी फुटेज में भी न तो बाइक का नंबर और न ही किसी की शक्ल दिख रही है। पुलिस की जांच जारी है।
-जयभगवान, चौकी इंचार्ज, सेक्टर 22