कालका में ज्वैलर्स के बेटे शुभांशु की हत्या करने से पहले हमलावरों ने उसे बेहोश किया था। ये शक जताया है मामले की जांच कर रही कालका पुलिस ने।
पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने से पहले या दुकान में कोई बेहोशी का स्प्रे फेंका गया या शुभांशु को कोई बेहोशी की चीज सुंघाई गई। ऐसा शक इसलिए भी गहराया है, क्योंकि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक हमलावर शुभांशु का गला दबा रहा है तथा दूसरा उसके सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर रहा है। इस बीच शुभांशु के पैरों से केवल एक ही बार हल्की सी मूवमेंट होती है। ऐसा बेहोशी की हालत में होता है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज से मामले की पुष्टि नहीं हुई लेकिन शुभांशु की विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही इसका चल सकेगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया, कैसे हुई शुभांशु की मौत?
ज्वेलर के बेटे ज्वैलर्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत की असली वजह सामने आ गई है। कालका थाना अध्यक्ष के मुताबिक शुभांशु की मौत सिर पर गहरी चोट आने के कारण हुई है। इससे स्पष्ट है कि हमलावरों ने शुभांशु के सिर पर काफी वार किए होंगे। विसरे को जांच के लिए भेज दिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज के बावजूद चौथे दिन पुलिस खाली हाथ
वारदात की सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद पिछले 4 दिन से पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। उधर, ज्वैलर्स एसोसिएशन ने भी चेतावनी दे दी है कि अगर शुभांशु के हत्यारे जल्द न पकड़े गए तो वह दुकान बंद कर प्रदर्शन करेंगे और मुख्यमंत्री से मिलकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे। मामले को लेकर दिल्ली तक के पदाधिकारी संपर्क में है। जल्द ही बैठक कर रणनीति बनाएंगे।
स्थानीय गिरोह का भी हो सकता है हाथ
ज्वेलरी शॉप में लूट और हत्या
- फोटो : amar ujala
आटो चालक ने कालका पुलिस को जो जानकारी दी है उसके मुताबिक एक आरोपी जिसका चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है वह शख्स कालका के ब्रॉडगेज पुल के पास उतरता है और पिंजौर की अबदुल्लापुर कालोनी के समीप भी दिखाई दिया था, जिसको देख लोगों के जहन में एक ही सवाल घर कर रहा है कि वह इन दोनों जगह पर क्या करने गया था। कहीं वारदात को अंजाम देने में स्थानीय गिरोह के सदस्यों का भी हाथ तो नहीं है। बहरहाल जो भी हो एक बात तो साफ है जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया है उससे साफ पर जाहिर होता है कि यह सब प्लानिंग के तहत किया गया है।
पहले भी वारदात की हुई थी कोशिश
दुकान के साथ लगा दरवाजा जिसका कुंडा तोड़ आरोपी दुकान के पीछे की ओर दाखिल हुए थे करीब चार साल पहले भी एक बंद सूटकेस मिला था, जिसके अंदर छोटा सिलेंडर, गैस कटर, दो तेजधार सब्बल, पाना, चाबी मिला था। जिसे कालका पुलिस ने कब्जे में लिया था। हमलावर उस दौरान भी घटना को अंजाम देने आए थे, लेकिन कोशिश नाकाम रही।
विधायक ने की परिजनों से मुलाकात
कालका विधायक लतिका शर्मा ने परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। विधायक ने बताया कि वह जरूरी काम से दिल्ली गई हुई थीं। घटना की जानकारी उन तक पहुंच गई थी। वह एसपी तथा डीसीपी से संपर्क बनाए हुए थीं। विधायक ने परिवार के सदस्यों को दुख की घड़ी में सांत्वना दी और डीजीपी, डीसीपी से फोन पर कार्रवाई की जानकारी ली।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो
घटना की फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिसे देख लोग हैरान हैं कि किस प्रकार दरिंदे वारदात को अंजाम दे रहे हैं। फेसबुक से जुड़े लोग हत्यारों से जुड़ी पोस्ट पर कमेंट करने के साथ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।