जिसके साथ जिंदगी बिताने का सपना देख रही थी, वही उसे इतना बड़ा धोखा दे जाएगा, ऐसा महिला ने कभी सोचा न था। मामला हरियाणा के कैथल का है। जेबीटी शिक्षिका को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने व पैसे हड़पने का मामला सामने आया है। मामले में पंचकूला निवासी सोहन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह केस 16 मई को दर्ज किया गया था, लेकिन पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी अब की है। अब आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर है।
शहर निवासी 42 वर्षीय जेबीटी शिक्षिका ने महिला थाना पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसका तलाक हो चुका है। तलाक के बाद वह हुडा सेक्टर में अपने मकान में रह रही थी। आरोप है कि वर्ष 2013 में उसके पास पंचकूला निवासी सोहन शर्मा का फोन आया। फोन पर बातचीत होने के बाद वह उससे मिलने के लिए कैथल आ गया। सोहन ने बताया था कि वह बिजनेसमैन है और उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके बाद आरोपी ने शिक्षिका के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।