जालंधर पुलिस ने चार गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर किया खुलासा
हॉलैंड से हत्या के लिए एक करोड़ की सुपारी लेने के आरोप में पुलिस ने सोमवार कोेेे चार गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को मोगा के गांव सोसन के पूर्व सरपंच कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक प्रधान हरभजन सिंह और ऋषिकेश के गगनदीप सिंह की हत्या के लिए 50-50 लाख की सुपारी दी गई थी।
आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह उर्फ पंगा बाबा, नरिंदरजीत सिंह काली निवासी लिद्दड़ा, सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा वासी गांव रायके तरनतारन और अवतार सिंह निवासी बटाला के तौर पर हुई है। उनके पास से 32 बोर की एक रिवाल्वर, 11 कारतूस, स्नाइपर राइफल, चार कारतूस और एयर पिस्टल बरामद हुई है। आरोपी आल्टो कार में सवार थे और उस पर जाली नंबर प्लेट लगी थी।
डीसीपी जांच गुरमीत सिंह, एसीपी स्पेशल ब्रांच मनप्रीत ढिल्लों नेे बताया कि पुलिस को गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के कत्ल के आरोप में जेल में बंद गैंगस्टर सोनू बाबा के कांट्रैक्ट किलिंग का ठेका लेने की सूचना मिली थी। सोनू बाबा गैंगस्टर विक्की गौंडर के गैंग से संबंधित है। वह जेल से हॉलैंड में रह रहे अपने भाई गुरविंदर सिंह उर्फ टीटू के जरिये सुपारी ले रहा था।
जालंधर पुलिस ने चार गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर किया खुलासा
पुलिस के अनुसार हॉलैंड के रहने वाले बलजिंदर सिंह बंटी ने सोसन के कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक प्रधान हरभजन सिंह का पुरानी रंजिश में कत्ल करवाना था। इसके लिए बंटी ने टीटू को 50 लाख रुपये दिए। इस तरह से टीटू ने ऋषिकेश के गगनदीप सिंह को भी मारने के लिए भी अपने भाई सोनू से बात की थी। गगनदीप हॉलैंड में ही रहता था और उसकी वहां पर रंजिश चल रही थी। वह जब भारत आया तो उसको मारने के लिए 50 लाख भेजे गए, लेकिन गगनदीप सिंह को शक था कि उसकी हत्या की जा सकती है। वह चुपके से हॉलैंड लौट गया और वहां से डरकर आस्ट्रिया चला गया।
गैंगस्टरों ने दो टीमों का किया था गठन
पुलिस के अनुसार इन दो लोगों की हत्याओं के लिए दो टीमों का गठन किया गया था। दोनों टीमें रेकी कर रही थी लेकिन योजना में सफल नहीं हो पा रही थी। पुलिस ने इस केस में लाडा निवासी कबूलपुर, हॉलैंड के रहने वाले बंटी और टीटू के अलावा सोनू बाबा को भी नामजद कर लिया है। सोनू बाबा जेल में है, जिसको प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। वहीं हॉलैंड निवासी टीटू और बंटी के लिए कार्रवाई की जाएगी। लाडा निवासी कबूलपुर इस मामले में सहयोगी था। उसकी तलाश की जा रही है।