एसआईटी शाखा सोनीपत पुलिस ने एक अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किए गए युवक के सहारे चोरी की दर्जनों वारदातों का खुलासा किया है। इसी एक युवक के जरिए एसआईटी ने चोरों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भी पर्दाफाश किया है। गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में गुरुवार को डीएसपी मुख्यालय मुकेश जाखड़ ने पत्रकार वार्ता में पूरी जानकारी दी।
मंगलवार को एसआईटी की टीम जींद रोड खंदराई मोड़ के पास गश्त पर थी। गश्त के दौरान एक युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान मुकेश उर्फ सोनू निवासी बुटाना जिला सोनीपत के तौर पर दी।
उसके कब्जे से 315 बोर का देसी पिस्तौल बरामद किया गया था। मुकेश को बुधवार को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि के दौरान गिरफ्तार आरोपी मुकेश उर्फ सोनू से गहन पूछताछ के दौरान उसने अपराधों की स्वीकारोक्ति करते हुए दर्जनों चोरियों का खुलासा किया।
मुकेश के खुलासे के बाद उसके बताए अनुसार उसके साथी पवन, समकेश उर्फ रितेश निवासी मोहम्मदाबाद और कुलदीप निवासी रभड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। कुलदीप के कब्जे से भी एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद की गई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच बाइक और एक स्कूटी भी बरामद की गई है।
इन वारदातों को किया कुबूल
1. मुकेश और पवन ने मिलकर 26 अगस्त 2014 को पटवार खाना गोहाना की सीमा से बाइक चुराई थी।
2. पवन और मुकेश ने 26 जून 2015 को बस अड्डा मोहाना स्थित पीएनबी एटीएम से चोरी का प्रयास किया था।
3. करीब नौ महीने पहले कवाली के खेतों से ट्यूबवेल का पंखा चोरी किया था।
4. जनवरी 2015 में ककरोई के खेतों से बिजली की मोटर चोरी की थी।
5. जनवरी 2015 में ही गांव महमूदपुर के खेतों से बिजली की मोटर चोरी की थी।
6. करीब एक माह पहले मुकेश, पवन और कुलदीप ने बली ब्राह्मणान के खेतों से बिजली की मोटर चोरी की थी।
7. जनवरी 2015 में मुकेश और पवन ने मिलकर हरसाना की सीमा से टावर की बैट्री चोरी करने का प्रयास किया था।
8. करीब आठ माह पहले जींद स्थित रोहतक बाईपास से प्लेटिना बाइक चोरी की थी।
9 करीब दस माह पहले मुकेश ने विजय नगर बवाना दिल्ली से बाइक चोरी की थी।
10. अप्रैल 2015 में पल्सर बाइक को ज्वालापुरी बस अड्डा दिल्ली से चोरी किया था।
11. करीब तीन माह पहले पवन ने एक स्कूटी बहादुरगढ़ से चोरी की थी।
12. दिनांक 28 अप्रैल 2015 को पवन ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिसाना से सबमर्सिबल की मोटर चोरी की थी।