गांव औजला व मंसूरवाल के मध्य एक किसान ने फसल (चारा बरसीम)) में घुसे तीन बैलों को सबक सिखाने के लिए ट्रैक्टर के पीछे चेन से बांध लिया और खेतों में घसीटा। इससे दो बैलों की मौत हो गई, एक गंभीर है।
मामले की जानकारी पंजाब बजरंग दल के प्रधान नरेश पंडित को दी गई। उन्होंने साथियों समेत मौके पर पहुंचकर तीनों बैलों को छुड़वाया तब तक दो की मौत हो चुकी थी। घायल बैल को पशु अस्पताल पहुंचाया गया है।
नरेश पंडित ने बताया कि उन्होंने तुरंत थाना सदर पुलिस को सूचना दी परंतु पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। आरोपी ट्रैक्टर समेत गांव धालीवाल दोना की ओर भाग गए। पुलिस डेढ़ घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची।
इससे गुस्साए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं व नेताओं ने कपूरथला जालंधर मार्ग पर गांव धालीवाल दोना के पास ट्रैफिक जामकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। डीएसपी सब डिवीजन बलविंदर इकबाल सिंह काहलों पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे।
तीनों आरोपियों सुखप्रीत सिंह उर्फ सुखा निवासी गांव वडाला कलां, प्रदीप सिंह निवासी गांव उग्गी जालंधर व तैय्यब निवासी वडाला कलां मूल निवासी पटना बिहार के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें काबू कर लिया गया है।
इसके बाद बजरंग दल ने धरना खत्म कर दिया। इस मौके पर राकेश चोपड़ा, राजू सूद, नारायण दास, धीरज बजाज, चंद्र मोहन भोला, संजीव मौजूद थे।