आर्मी की एसयूवी गाड़ी ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को कुचल दिया। गाड़ी बाइक को 100 मीटर तक घसीटते ले गई, और दोनों सवारों ने दम तोड़ दिया। हादसा हरियाणा में अंबाला-यमुनानगर रोड पर रेलवे ओवरब्रिज पर हुआ। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार गाड़ी में फंस गए और वह उन्हें घसीटते हुए ले गई। हादसे की वजह गाड़ी के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को अस्पताल लेकर गए, पर तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, आर्मी के ब्रिगेडियर आर सागर बुधवार को अंबाला से यमुनानगर की तरफ आ रहे थे। जब उनकी गाड़ी बंबोली के पास पहुंची तो अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक चना राम ने गाड़ी को कंट्रोल करने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक नहीं लगे। गाड़ी डिवाइडर से टकराकर आगे जा रही बाइक से जा भिड़ी और वह बाइक को घसीट कर ले गई। हादसे में
मारे गए युवकों की पहचान दादूपुर बास उत्तराखंड निवासी खालिद (40) और उसके भतीजे मुरसर (30) के रूप में हुई। खालिद की बेटी की अगले महीने शादी है और उसी की शादी का कार्ड देने के लिए वह बंबूली गांव में एक रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। कार्ड देने के बाद जब वह वापस जा रहे थे तो हादसा हो गया।