चंडीगढ़ से लखनऊ जा रही सद्भावना एक्सप्रेस से बुधवार देर रात अंबाला आरपीएफ ने अवैध शराब बरामद की है। इस मामले में एक किशोर को हिरासत में ले लिया है।
अवैध शराब चंडीगढ़ स्टेशन से चढ़ाई गई थी। इसे यूपी के शाहाजहांपुर उतारा जाना था। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुखदेव राज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चंडीगढ़ से पांच बैग में 14 पेटी अंग्रेजी शराब (166 बोतल) पैक कर सद्भावना एक्सप्रेस में रखवाई थी।
ये बैग जनरल बोगी के टॉयलट में एक किनारे पर रखे गए थे। इंस्पेक्टर के अनुसार शराब तस्करों ने इन बैगों की निगरानी के लिए एक सत्रह साल के किशोर को तैनात किया था। इस शराब को शाहाजहांपुर में उतारा जाना था।
बुधवार देर रात जैसे ही ट्रेन अंबाला कैंट पहुंची तो आरपीएफ के जितेंद्र सिंह वालिया ने टीम के साथ जनरल कोच में चेकिंग की।
शक होने पर जब उन्होंने टॉयलट खंगाला तो उसमें संदिग्ध बैग मिले। पूछने पर किशोर ने बैग अपने बताए। जब बैग खोले गए तो उनमें से अवैध शराब मिली। किशोर को हिरासत में लेकर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया है।