अवैध रूप में जम्मू पहुंचने की कोशिश करते दो युवक गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
दो युवक जम्मू जाना चाहते थे, जेल में पहुंच गए। पठानकोट पुलिस ने दोनों युवकों को 10 लाख रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। विदेश से अवैध रूप में आए पैसे को इधर-उधर पहुंचाने को लेकर खुफिया एजेंसियों के इनपुट के आधार पर पठानकोट पुलिस ने युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विदेश से अवैध रूप से आये पैसे को लुधियाना से जम्मू पहुंचाने की फिराक में पठानकोट पहुंचे थे। उनको यहां दबोच लया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने रैकेट में शामिल दो अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। आरोपियों की पहचान सुरिंदर कुमार भंडारी पुत्र कृष्ण लाल निवासी लुधियाना व हरमीत सिंह पुत्र बलजीत सिंह निवासी जम्मू के रूप में हुई है।
एक प्रेसवार्ता में एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि खुफिया एजेंसियों द्वारा सूचना मिली थी कि कुछ लोग पठानकोट में पैसे के लेनदेन का नाज़ायज कारोबार करने आ रहे हैं। इसके बाद सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर हरकृष्ण सिंह के नेतृत्व में सूरन सिंह, राजेश, रविंदर की टीम बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी सुरिंदर कुमार अपनी कार में पैसे लेकर लुधियाना से पठानकोट में हरमीत सिंह निवासी जम्मू को देने आया था। हरमीत सिंह उस पैसे को जम्मू में पहुंचाता।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने उक्त आरोपियों को पुलिस थाना सदर के गांव तलवाड़ा जटटां के पुल के नीचे से लेनदेन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि लुधियाना निवासी अशोक उर्फ शौंकी व अजय भी इस अवैध कारोबार में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि इंग्लैंड से उनके पास ये पैसे अवैध रूप से आते हैं जिसे वे इधर- उधर पहुंचाने का काम करते हैं। एसएसपी ने कहा कि पूछताछ के बाद दोनाें आरोपियों को ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के हवाले कर दिया जाएगा।