अचानक हाथ लगे चिट्ठियों से पूर्व फौजी के सामने बेटियों के प्रेमप्रसंग का खुलासा हुआ और गुस्साए बाप ने बेटियों को चाकू से गोद दिया। वारदात पंजाब के संगरूर में घटी। यहां धूरी शहर में एक फौजी ने अपनी बेटियों पर तेजधार हथियार से हमला कर एक की हत्या कर दी।
दूसरी बेटी को गंभीर हालत में पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पूर्व फौजी उनके चरित्र पर शक था। इसी शक में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया है।
धूरी थाना सिटी के प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि गुरु तेग बहादुर नगर में रहने वाले पूर्व फौजी बंत सिंह ने अपनी दो बेटियों हरप्रीत कौर (20) और गुरप्रीत कौर (23) पर तेजधार हथियार से हमला करके उन्हें जख्मी कर दिया है। जब मौके पर पुलिस टीम पहुंची तो हरप्रीत कौर का शव पड़ा था और गुरप्रीत कौर गंभीर घायल थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने बंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बंत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी छोटी बेटी हरप्रीत कौर बहुत होनहार थी। वह उसे विदेश भेजकर अच्छे मुकाम पर पहुंचाना चाहता था। घर में मिली चिट्ठियों से उसे पता चला कि उसका प्रेम प्रसंग चल रहा है। इससे वह आग बबूला हो गया और उसने हरप्रीत पर हमला कर दिया। वह गुरप्रीत पर हमला नहीं करना चाहता था लेकिन बीच बचाव में उसे भी चोटें आ गईं।