एक प्रेमी जोड़े को परिवार के खिलाफ जाकर शादी करना महंगा पड़ गया। इसकी सजा उन्हें ऐसी मिली जिसे पढ़कर सभी की रूह कांप जाएगी। पंजाब के रोपड़ के गांव बेगमपुरा में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार गांव बेगमपुरा में गुरूवार देर रात जगदीप सिंह (28) पुत्र मंगा सिंह अपनी किराने की दुकान पर बैठा था कि उसकी हत्या कर दी गई।
वारदात का तब पता चला जब गांव का ही एक बच्चा किराने की दुकान पर कोई सामान लेने गया तो दुकान का शटर आधा बंद देख वह दुकानदार जगदीप सिंह के घर पर चला गया। जहां से जगदीप के पिता मंगा सिंह ने जब दुकान पर जाकर देखा तो जगदीप मृत हालत में गिरा हुआ था।
मंगा सिंह के शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठे हो गये और वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचित किया गया जिसके बाद एसपी बलविंदर सिंह रंधावा समेत डीएसपी गुरिंदर सिंह, एसएचओ सदर राजपाल सिंह और चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह पहुंचे।
मृतक का अपने सगे भाई के साथ जमीन का विवाद चल रहा था, जिस कारण उसके पिता का शक उसके बेटे पर गया लेकिन पुलिस ने पूरी रात जांच के बाद मृतक के साले समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर वारदात को 24 घंटे में हल करने का दावा किया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीणों के कहने पर जगदीप सिंह ने छोड़ दिया था गांव
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : डेमो
जगदीप सिंह का प्रेम विवाह छह साल पहले उसके गांव बेगमपुरा की रहने वाली सुखविंदर कौर से हुआ था। लेकिन सुखविंदर कौर का परिवार इस विवाह से खुश नहीं था। जिसके बाद उन्होंने अपनी लड़की समेत उसके ससुराल से नाता तोड़ लिया। उस समय माहौल गर्म होने के कारण ग्रामीणों के कहने पर जगदीप सिंह अपनी पत्नी सुखविंदर कौर को साथ लेकर गांव से चला गया और दो वर्ष तक वह गांव से बाहर रहे।
चार पहले जगदीप सिंह अपनी पत्नी सुखविंदर कौर को साथ लेकर गांव में दोबारा वापस आ गया। लेकिन सुखविंदर कौर का भाई हरदीप सिंह जो अब 19 साल का हो चुका है जिसको अपनी बहन का प्रेम विवाह खटकता रहा। पुलिस के अनुसार मृतक जगदीप सिंह भी उसे उसकी बहन के साथ शादी करने का ताना मारता रहता था। जिसके चलते गुरूवार देर रात को हरदीप सिंह ने अपने दो साथी सुखदर्शन सिंह तथा जसवीर को साथ लेकर जगदीप सिंह की हत्या कर दी। वारदात के बाद तीनों फरार हो गए।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं दो मामले
डेमो
- फोटो : डेमो
इस वारदात के बाद पुलिस गुत्थी को सुलझाने के लिए सारी रात गांव में जांच करती रही। पुलिस ने शक के आधार पर जब मृतक के साले से पूछताछ की तो सारा मामला साफ हो गया। डीएसपी गुरविंदर सिंह के बताया कि मामले में आरोपी हरदीप सिंह (19) और जसवीर सिंह (20) चचेरे भाई हैं और स्कूल में पढ़ते हैं। जबकि सुखदर्शन सिंह पर पहले से दो मामले दर्ज हैं और वह पढ़ाई छोड़कर हड्डा रोडी पर काम करता था।
अपना ही घर उजाड़ दिया
मृतक जगदीप सिंह की दो बेटियां हैं। हरदीप सिंह ने चाहे रंजिश में आकर अपने जीजा को मौत के घाट उतार दिया पर उसकी बहन विधवा हो गई। यही नहीं उसने बहन की दोनों बेटियों के सिर से पिता का साया भी छीन लिया।
कैमरे से बचने के लिए दूसरे रास्ते से भागे
गौरतलब है कि जिस दुकान में यह वारदात हुई वहां पर कोई कैमरा नहीं था। लेकिन साथ लगती शटरिंग की दुकान के बाहर कैमरे लगे थे। इस बारे में वारदात को अंजाम देने वाले युवकों को पता था। जिसके चलते वह दूसरे रास्ते से भागे ताकि उनके बारे में पता न चल सके। जबकि वारदात के बारे में गांव के किसी भी व्यक्ति को भनक तक नहीं लगी। जबकि यह दुकान गांव के बीचों-बीच है और इस मार्ग पर आवाजाही रहती है।