गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी से तनाव
- फोटो : अमर उजाला
जिले के विधानसभा हलका पट्टी के गांव माणकपुरा स्थित गुरुद्वारा साहिब में कुछ शरारती तत्वों की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने की घटना सामने आई है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पन्ने फाड़े जाने के इस वाकये की सूचना पर बड़ी संख्या में सिख संगत गांव पहुंची। वहीं एसएसपी हरजीत सिंह ने भी घटना का जायजा लिया।
घटनास्थल पर बाबा अवतार सिंह सुरसिंह वालों के अलावा एसएसपी हरजीत सिंह पुलिस पार्टी सहित पहुंचे। इस मौके पर गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष लखविंदर सिंह और उपस्थित संगतों ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम छह बजे की है। जब संगत गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने आई तो उन्होंने देखा कि गुरुद्वारा साहिब के अंदर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पन्ने फटे हुए थे।
गुरुद्वारा साहिब का ग्रंथी मौके पर मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में कैमरे नहीं लगे हुए हैं। मौके पर पंथक नेता सतनाम सिंह मनावा ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को शीघ्र काबू किया जाए। कार्रवाई जल्द नहीं हुई तो सिख संगत संघर्ष को मजबूर होंगे। घटना की एसजीपीसी सदस्य जत्थेदार खुशविंदर सिंह भाटिया और पूर्व कैबिनेट मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों ने कड़ी निंदा की है। एसएसपी हरजीत सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।