हरियाणा डीपीआर की बोलेरो और वकील की इनोवा गाड़ी के बीच वीरवार शाम खालसा कालेज लाइट प्वाइंट के पास टक्कर हो गई।
टक्कर लगते ही बोलेरो गाड़ी पलट गई। सेक्टर 26 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोलेरो और इनोवा गाड़ी को साइड में किया। बोलेरो चालक सेक्टर 22 के गणेश ने आरोप लगाया कि इनोवा चालक काफी रफ्तार में था और मोबाइल फोन सुन रहा था। जबकि इनोवा चालक वकील विशाल नरवाना ने आरोप लगाया कि बोलेरो चालक ने रेड लाइट जंप की है। सेक्टर 26 थाना पुलिस ने दोनों गाड़ी जब्त कर जांच शुरू कर दी।
हरियाणा डीपीआर के ड्राइवर गणेश सिंह ने बताया कि वह पंचकूला स्थित एक्साइज दफ्तर में डीपीआर सुधीर राजपाल को फाइल देने के लिए बोलेरो गाड़ी से जा रहा था।
सेक्टर-7 से 26 जाने के लिए जैसे ही उसने खालसा कालेज लाइट प्वाइंट को क्रास किया तो गोल्फ क्लब से मध्यमार्ग जा रही इनोवा गाड़ी के साथ टक्कर हो गई।
टक्कर लगते ही बोलेरो गाड़ी पलट गई। लोगों ने पलटी हुई बोलेरो गाड़ी से चालक गणेश को बाहर निकाला। हादसे में उसके मामूली चोट लगी। जबकि वकील विशाल गर्ग बाल-बाल बच गए। सेक्टर 26 थाना प्रभारी अनोख सिंह ने बताया कि इनोवा और बोलेरो में टक्कर हुई थी। पुलिस मामले में जांच कर रही है।