हरियाणा के झज्जर के एक मोहल्ले में रविवार रात शराब के नशे में धुत युवक ने पांच साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी। युवक पर आरोप है कि उसने पहले बच्ची के पिता को अपने मकान में बंद कर दिया और बच्ची की मां से भी दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। आरोपी के खिलाफ दो पुलिसकर्मियों की हत्या समेत आठ गंभीर आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार बिहार निवासी व्यक्ति (बच्ची का पिता) परिवार के साथ डेढ़ साल पहले आरोपी के घर में किराये पर रहता था। रविवार देर रात 1:30 बजे शराब के नशे में धुत आरोपी बिहार निवासी व्यक्ति के मकान में पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। आरोपी के सिर में चोट लगी देख बच्ची का पिता उसे घर छोड़ने चला गया।
आरोपी ने अपने घर पर जाकर बच्ची के पिता को मकान में बंद कर मारपीट की। वापस आकर आरोपी ने बच्ची की मां से दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर भागी। इस पर आरोपी उसकी पांच साल की बच्ची को उठाकर अपने घर ले गया और उसके पिता को दूसरी गली से धकेल कर निकाल दिया। बाद में आरोपी ने बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर ले लिया है।
पुलिस ने आरोपी को दरवाजा तोड़कर काबू कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। गहनता से केस की जांच की जा रही है। - राहुल देव, डीएसपी, झज्जर।
बच्ची की मां पुलिस थाने पहुंची तो नहीं मिली मदद
जब बच्ची की मां और पिता पूर्व विधायक के बेटे को लेकर आरोपी के घर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था और बच्ची के चिल्लाने की आवाज आ रही थी। इसके बाद बच्ची की मां और पूर्व विधायक के बेटे मदद के लिए सिटी थाने पहुंचे लेकिन वहां उनकी सुनवाई नहीं हुई। फिर वह रात में ही पुलिस अधीक्षक के निवास पर पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को मौके पर भेजा लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।
इसके बाद डीएसपी राहुल देव और एसपी राजेश दुग्गल स्वयं मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने सुबह सामान्य अस्पताल में मासूम के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस सुरक्षा के बीच बच्ची के शव को रेवाड़ी रोड स्थित श्मशान ले जाया गया और वहां दफना दिया गया।