बस स्टैंड में दुजाना निवासी एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसका उपचार के दौरान मौत हो गई। बस स्टैंड पर जब छात्रा की हालत बिगड़ने लगी तो वहां मौजूद पुलिस टीम उसे सिविल अस्पताल लेकर गई, जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा पीएमटी की तैयारी कर रही थी।
गौरतलब है कि सुबह साढ़े 10 बजे शहर के बस स्टैंड पर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक छात्रा का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया तथा वह लड़खड़ाते हुए जमीन पर निढाल हो गई।
आस पास के लोग इकट्ठा हुए तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसे सिविल अस्पताल लेकर गए। छात्रा की पहचान दुजाना निवासी दिप्ती के रूप में हुई। दिप्ती के भाई सुधीर ने बताया कि उसने इस साल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झज्जर से 12वीं की पास की थी तथा पीएमटी के लिए अप्लाई किया था।
पीएमटी के लिए वह कोचिंग भी ले रही थी। सुधीर ने बताया कि उसका पीएमटी का रोल नंबर नहीं आया, जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी और तनाव में रहने लगी थी। सुधीर ने बताया कि मंगलवार को वह घर से कंप्यूटर सेंटर जाने की बात कहकर झज्जर गई थी।
मगर कुछ ही देर बाद पता चला कि उसकी तबीयत खराब हो गई है। सुधीर ने कहा कि वह रोल नंबर नहीं आने के कारण परेशान जरूर थी, मगर इतनी ज्यादा परेशान भी नहीं थी कि आत्महत्या कर ले।
पुलिस ने छात्रा का शव पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया। सिटी चौकी प्रभारी अत्तर सिंह ने बताया कि मामला शुरुआती तौर पर तो आत्महत्या का ही लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।