हरियाणा के करनाल की जेल में एक बड़ी घटना हो गई। यहां दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या के आरोपी से जेल में कैदियों ने ही सामूहिक कुकर्म कर दिया। पानीपत के चढाऊ मोहल्ले में 14 मार्च को तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या करने के आरोपी के साथ यह घटना हुई। सदर थाना पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक कुकर्म का केस दर्ज किया है।
घटना 23 मार्च की है। दोनों हवालाती जिला जेल की बैरक नंबर 3बी में बंद हैं। 17 मार्च को पानीपत में बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को भी इसी बैरक में बंद कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, कैदियों की आपस में बातचीत हुई। इस दौरान जब दोनों हवालातियों को पता लगा कि नया आया कैदी बच्ची से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी है तो वे उससे घृणा करने लगे और उसे सबक सिखाने की बात सोचने लगे।
23 मार्च को दोनों ने मिलकर युवक के साथ सामूहिक कुकर्म किया। युवक के चिल्लाने की आवाज से मामले का पता चला। पुलिस टीम ने फिर उसका मेडिकल कराया और रिपोर्ट आने के बाद सदर थाना पुलिस ने दोनों कैदियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। सदर थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।