चंडीगढ़ में रविवार दोपहर सेक्टर-25 में घर के बाहर खेल रही चार साल की बच्ची को कार चालक ने टक्कर मार दी।
बच्ची को गंभीर हालत में जीएमएसएच-16 ले जाया गया, जहां बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12.30 बजे चार साल की बच्ची अनीता उर्फ गुड़िया घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान उसे मारुति चालक ने टक्कर मार दी।
कार बच्ची के पैर पर चढ़ गई। कार सेक्टर-25 निवासी आकाश चला रहा था। वह गवर्नमेंट कालेज सेक्टर-11 में बीए सेकेंड ईयर का छात्र है।
टक्कर के बाद आकाश ही बच्ची को जीएमएसएच-16 अस्पताल लेकर गया। पुलिस ने बताया कि कार का टायर चढ़ जाने से बच्ची का एक पैर बुरी तरह कुचल गया। शरीर के किसी अन्य हिस्से पर चोट नहीं आई है।
पीजीआई में डॉक्टर उसके पैर की सर्जरी करेंगे। पुलिस ने केस दर्ज कर कार चालक को हिरासत में ले लिया। बाद में आरोपी को जमानत पर छोड़ दिया गया।