गैंगस्टर पार्टी के बहाने गर्लफ्रेंड को होटल ले आया और यहां उसके साथ दुराचार किया। फिर जो हुआ, देखकर होटल स्टाफ और पुलिस वाले भी हैरान रह गए। घटना चंडीगढ़ की है। आरोपी के चंगुल से छूटकर पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस को आते देख आरोपी युवक होटल की तीसरे मंजिल से कूद गया। गंभीर रूप से घायल युवक को फौरन जीएमएसएच-32 में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, युवक के दोनों पैरों में फ्रैक्चर आने के साथ रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं हैं। मामला इंडस्ट्रियल एरिया का है। थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और 342 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रेंज रोवर गाड़ी भी बरामद की है। आरोपी से जिला रामपुर (यूपी) के गांव बिलासपुर निवासी अमन (30) का आधार कार्ड बरामद हुआ लेकिन युवक की शक्ल पंजाब के गैंगस्टर हैरी चीमा से मिल रही थी।
पुष्ट सूत्रों ने बताया कि सूचना पर जब पंजाब पुलिस अस्पताल पहुंची तब खुलासा हुआ कि आरोपी युवक गैंगस्टर चीमा ही है। हैरी चीमा पर पंजाब में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। अब जल्द ही पंजाब पुलिस गैंगस्टर चीमा को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर उससे पूछताछ करेगी।