दो युवकों ने रेलवे स्टेशन पर अपनी सहेली से मिलने आई एक युवती को नौकरी का झांसा दिया और उसे अपने साथ ले गए। आरोपियों ने हैबोवाल इलाके में एक सुनसान पड़े कमरे में युवती के साथ दुराचार किया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित युवती किसी तरह से थाना हैबोवाल पहुंची और शिकायत दी।
थाना हैबोवाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर बिहार स्थित जिला खगड़िया निवासी नटवर लाल व उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने सोमवार को सिविल अस्पताल में युवती की मेडिकल जांच कराई।
जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर सिंह ने कहा कि पीड़िता यहां पर अकेली रहती है और स्टेशन पर अपनी किसी सहेली से मिलने गई थी। वहां पर उसकी मुलाकात आरोपी नटवर लाल से हुई।
उसके साथ उसका एक साथी भी था। मुलाकात के दौरान आरोपियों ने उसे नौकरी का झांसा दिया और उसे ऑटो में बिठा कर अपने साथ ले गए। आरोपी उसे हैबोवाल में एक कमरे में ले गए। वहां पर उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
आरोपियों ने उसके साथ दुराचार किया और वहां से फरार हो गए। एएसआई बलविंदर सिंह ने कहा कि अभी दोनों आरोपी फरार है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के बाद उसे किसी नारी निकेतन में छोड़ा जाएगा।