फेसबुक पर ही प्यार हुआ नजदीकियां बढ़ी तो 2 साल तक संबंध बने। दखल बढ़ा तो युवक ने खौफनाक कांड कर दिया। जब इस वारदात का खुलासा हुआ सभी सन्न रह गए। दरअसल तीन बच्चों के बाप ने पहले युवती के साथ फेसबुक पर दोस्ती की और फिर होटल के कमरे में उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने शहर के रिगेलिया होटल में 27 जनवरी को हुई युवती की हत्या के मामले में आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय (चंदौली) से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जय प्रकाश मिश्रा पुत्र लक्ष्मी दास मिश्रा निवासी मुगल सराय के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक वह वाराणसी के एक कपड़ा मिल में नौकरी करता है। जबकि होटल में उसने अपना निवास लुधियाना बताया था। पुलिस अधीक्षक गुरदासपुर गुरप्रीत सिंह तूर ने बताया कि आरोपी का सुराग लगने पर पंजाब पुलिस की टीम मुगलसराय गई थी। आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
वह तीन बच्चों का पिता है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान गुरदासपुर के गांव नसहरा बहादुर निवासी युवती मनदीप की हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया है।