मनी एक्सचेंजर सावधान हो जाएं, क्योंकि एक शख्स ने मनी एक्सचेंजर्स की नींद उड़ानी शुरू कर दी है। करेंसी के लिए खतरा पैदा कर दिया है। मनी एक्सचेंजर की करेंसी के लिए खतरा बने इस शख्स का नाम राहुल चौहान बताया जा रहा है। आरोपी राहुल चौहान ने सोमवार दोपहर सेक्टर-9/सी के एससीओ नंबर-156/157 में एक हजार रुपये देकर एक घंटे के लिए केबिन बुक कराया लेकिन वह पहले ही मनी एक्सचेंजर गुरदीप सिंह को अपने चंगुल में फांस चुका था।
उसने मनी एक्सचेंजर गुरदीप सिंह के दो कर्मचारियों को दस हजार यूरो के बदले आठ लाख दस हजार रुपये ले जाने को उक्त एससीओ में कथिय आफिस बुलाया था। खुड्डा लाहौरा निवासी कर्मचारी जगदीश चंद्र और नया गांव के शिवालिक विहार निवासी करन उक्त एससीओ में उससे मिलने पहुंचे। उस दौरान कर्मचारी जगदीश चंद्र के मोबाइल नंबर पर आरोपी के मोबाइल नंबर (62656-99037) से फोन आया। फिर आरोपी राहुल कर्मचारियों से मिला और उन्हें एक घंटे के लिए बुक करवाए अपने केबिन में ले गया।
यहां उक्त कर्मचारियों ने आरोपी को करेंसी एक्सचेंज करवाने के लिए दस हजार यूरो थमा दिए। इसके बाद आरोपी राहुल बिना पैसे दिए दोनों कर्मचारियों को चंद मिनट इंतजार करने को कहकर केबिन से बाहर निकला और फिर फरार हो गया। काफी देर तक आरोपी के केबिन मेें नहीं लौटने पर दोनों कर्मचारियों ने बाहर निकलकर उसके बारे में पूछताछ की। तब जाकर उन्हें पता चला कि राहुल ने उक्त केबिन को केवल एक घंटे के लिए बुक कराया था। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पीसीआर के पुलिसकर्मियों समेत सेक्टर-3 थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आया चेहरा
पुलिसकर्मियों ने एससीओ में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दस हजार यूरो लेकर फरार हुए आरोपी राहुल चौहान का चेहरा सामने आया। पुलिस ने जगदीश चंद्र की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर सामने आए चेहरे के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने फेसबुक व अन्य सोशल साइट्स की मदद भी ली है, ताकि कहीं से आरोपी का कोई सुराग हाथ लग सके। पुलिस का शक है कि एससीओ के कारोबारी के पास केबिन बुक करवाने के लिए आरोपी की तरफ से दस्तावेज भी नकली हो सकता है। बहरहाल, पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की उम्मीद जताई है।