अगर आपके पास क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या एटीएम कार्ड है तो सावधान रहें क्योंकि ये हादसा आपके साथ भी हो सकता है। दरअसल हरियाणा के रोहतक में फर्जी बैंक मैनेजर बनकर शातिरों ने सिंचाई विभाग के कर्मचारी से एटीएम कार्ड नंबर और खाते की डिटेल ले ली।
इसके बाद पीड़ित के खाते से करीब 15 हजार रुपये निकाल लिए। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
कबीर कॉलोनी निवासी तेजराज ने बताया कि वह सिंचाई विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। 8 अक्तूबर को उसके मोबाइल फोन पर एक काल आई। आरोपी ने खुद को बैंक मैनेजर बताकर तेजराज से बैंक खाता डिटेल और एमटीएम कार्ड नंबर ले लिया।
शाम करीब पांच बजे तेजराज के मोबाइल फोन पर खाते से 14999 रुपये निकासी का संदेश आया। पीड़ित ने धोखाधड़ी की आशंका के चलते अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की तो पता चला कि नंबर बिहार का है।
अब पुलिस ने तेजराज को संबंधित बैंक से यह पता लगाने के निर्देश दिए हैं कि उनके खाते से शॉपिंग की गई है या कैश निकाला गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।