सोने की जाली ईंट तैयार कर ज्वेलर्स से संपर्क कर नकली सोना देकर असली ले जाने वाले दो आरोपियों को लुधियाना थाना डिवीजन चार की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी एक ज्वेलर से सोने के जेवर लेने आए थे। जब कोरियर कंपनी मालिक ने उनके द्वारा दिए गए सोने को चेक कराया तो वह जाली निकला। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी और आरोपियों को गिरफ्तार करवाया।
आरोपी परमिंदर सिंह निवासी अमृतसर और मनविंदर सिंह निवासी तरनतारन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जहां से दोनों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके साथी राजन का पता लगाने में जुटी हुई है।
थाना डिवीजन चार के एसएचओ सब इंस्पेक्टर सुरिंदर चोपड़ा ने बताया कि फव्वारा चौक में योगता लॉजिस्टिक के नाम से कोरियर कंपनी है। वहां पर अहमदाबाद से एक कोरियर आया था। कोरियर अमृतसर के व्यक्ति के नाम था। कोरियर पर लिखे नंबर के अनुसार उन्होंने मालिक को फोन कर अपना कोरियर ले जाने की बात की। कोरियर में अहमदाबाद से जेवर तैयार होकर आए थे।
कोरियर लेने के लिए दोनों आरोपी आए। कोरियर भेजने वाले ने कोरियर कंपनी मालिक से सोना चेक करके ही जेवर देने को कहा था। कोरियर कंपनी के मालिक से आरोपियों ने अपना कोरियर मांगा तो कंपनी मालिक ने उनसे सोने की ईंट मांगी। जब आरोपियों ने 434 ग्राम की सोने की दो ईंटें दी तो कोरियर कंपनी मालिक ने इसकी जांच करवाकर उनका कोरियर देने की बात की। देर रात को सर्राफा बाजार में कोरियर कंपनी के मालिक ने सोना चेक कराया तो वह नकली निकला। जिस पर उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।