ठगी का शिकार महिला टीचर ने सेक्टर 43 बस स्टैंड ट्रैप लगाकर नौकरानी और उसके एजेंट को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी महिला से 27 हजार रुपये ले कर फरार हो गए थे। सेक्टर 36 पुलिस स्टेशन ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कोर्ट में पेश कर महिला को जेल भेज दिया और एजेंट को पुलिस रिमांड पर ले लिया है।
सेक्टर 61 निवासी और वहां कोचिंग सेंटर चलाने वाली शिवानी ने बताया कि उनको नौकरानी की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन क्विकर वेबसाइट चेक किया। जहां से उनको ममता डोमेस्टिक, हेल्प ब्यूरो की जानकारी मिली। इसके बाद टीचर ने 25 जनवरी को संपर्क कर ब्यूरो से नौकरानी भेजने को कहा था।
31 जनवरी की शाम को दिल्ली निवासी आर्यन नाम का एक एजेंट निर्मला नाम की नौकरानी को लेकर उनके पास पहुंचा। जिसके बाद आर्यन ने शिवानी से 27 हजार रुपये लिए और निर्मला को छोड़कर चला गया। इसकेबाद शिवानी ने बताया कि निर्मला रात को कई बार उठी। जब पूछा तो उसने कहा कि बाथरूम जा रही है।
कोर्ट ने नौकरानी को भेजा जेल, एजेंट युवक रिमांड पर
गिरफ्तार
- फोटो : Demo Pic
लेकिन जब सुबह उठकर देखा तो निर्मला घर पर नहीं थी। आर्यन को फोन किया तो उसने कहा इधर उधर गई होगी, आ जाएगी। लेकिन शाम तक वह नहीं लौटी। उसके बाद आर्यन ने भी फोन उठाना बंद कर दिया। शिवानी समझ चुकी थी कि वो उसको लूट कर भाग गई।
इसके बाद शिवानी ने दोबारा अपनी बेटी के फोन नंबर से उनसे संपर्क किया। नौकरानी की मांग की और पता खरड़ अपने भाई के घर का दे दिया। उसके बाद बुधवार को आर्यन का फोन आया कि वो नौकरानी को लेकर सेक्टर 43 पहुंच गया है। शिवानी वहां पहुंचकर देखा तो पाया कि आर्यन और निर्मला ही आए हुए हैं। इसके बाद वहां पहुंचकर दोनों को काबू कर सेक्टर 36 थाना पुलिस केहवाले कर दिया। शिवानी ने पुलिस को शिकायत दी है गैंग का मुख्य सरगना शिव कुमार उनको फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
वीरवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया। कोर्ट ने निर्मला को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया और आर्यन को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।