विदेश में नौकरी करने की सोच रहे हैं तो पहले ये खबर पढ़ लें। ये खबर आपको सावधान करने के लिए है। बेरोजगार युवाओं को विदेश के सपने दिखाए और लाखों रुपये ऐंठकर इमिग्रेशन कंपनी संचालक फरार हो गए। इसका खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार को वीजा लेने के लिए युवक कंपनी दफ्तर गए और वहां दफ्तर बंद मिला।
पीड़ितों में अधिकतर युवा पंजाब और हरियाणा के हैं। ठगी के शिकार 24 युवक सोमवार को सेक्टर-9 स्थित पुलिस हेड क्वार्टर पहुंचे और एसएसपी से मुलाकात की।
एसएसपी के निर्देश पर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने कंपनी के चारों डायरेक्टरों अशोक गुप्ता, राकेश खुराना, सुमित, विक्की के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वहीं शिकायत में पीड़ितों ने कंपनी में काम करने वाली तीन महिला कर्मियों के नाम का भी जिक्र किया है, लेकिन पुलिस के अनुसार जांच के बाद ही उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
सेक्टर-34 में थी स्टार कॅरियर इमिग्रेशन के नाम से कंपनी
सेक्टर-34 ए स्थित एससीओ 222-223 में स्टार करियर इमिग्रेशन कंसल्टेंसी सर्विसेस का कार्यालय था। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत चंडीगढ़ के कई ऐसे युवाओं ने इस कंपनी का विज्ञापन देखने के बाद यहां रजिस्ट्रेशन करवाया। रजिस्ट्रेशन के वक्त युवाओं से कुछ पैसा एडवांस लिया गया और बाकी विजया बैंक में कंपनी के खाते में जमा करवाने को कहा गया।
रोपड़ निवासी निर्भय सिंह ने बताया कि उसने कनाडा जाने के लिए कंपनी को 3 लाख 10 हजार रुपये दिए थे। उस वक्त कंपनी के डॉयरेक्टरों ने उन्हें बताया था कि वे उन्हें 39 दिनों में विदेश भेज देंगे, लेकिन, ढाई महीने तक उन्हें नहीं भेजा गया।
इसके बाद कंपनी से संपर्क किया गया तो उन्होंने 20 मार्च को कंपनी के ऑफिस बुलाया गया। जहां उन्हें वीजा और पार्सपोर्ट देने की बात कही गई। उक्त दिन उनके साथ ही कई और युवक वहां वीजा लेने पहुंचे हुए थे। लेकिन, कंपनी संचालक फरार हो चुके थे।
पिंजौर निवासी कुलविंदर सिंह का कहना है कि उनकी वीरवार शाम को उनसे बात हुई तो आरोपी डायरेक्टरों ने उन्हें कहा कि वे दिल्ली एंबेसी में हैं और कल आकर वह वीजा ले जा सकते हैं। उनके अनुसार शाम छह बजे तक उनका मोबाइल ऑन था, लेकिन उसके बाद से वह स्विच ऑफ आ रहा है।
ये हुए ठगी के शिकार
निर्भय सिंह (रोपड़)-----------2.10 लाख
कुलविंदर सिंह (पिंजौर)-------2.10 लाख
जगदीप सिंह (रोहतक)--------6 लाख
योगराज (लुधियाना)----------4 लाख
प्रवीण (चंडीगढ़)-----------2.5 लाख
जितेंदर (दिल्ली)-------------6 लाख
सुखविंदर सिंह (रोपड़)--------2.5 लाख
जसबीर सिंह-----------------3.50 लाख
गणेश--------------------------1.05
सनप्रीत------------------------1.05
लखविंदर सिंह---------------3.50 लाख