फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन की दोबारा बेचने के मामले में पुलिस ने कालका थाने में महिला पार्षद सुरजीत कौर व पांच अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की शिकायत गुरप्रीत सिंह ने पुलिस कमिश्नर और डीसीपी को दी थी।
जांच के बाद ईओडब्ल्यू की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कालका थाने में आरोपी नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 की पार्षद सहित अन्य 5 के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 120बी, 471, 469 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इनके खिलाफ करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। पार्षद के अलावा इस धोखाधड़ी में अन्य 5 लोग कौन-कौन हैं, इसका खुलासा पुलिस नहीं कर रही है।
आरोप है कि लगभग एक साल पहले बद्दी निवासी 23 वर्षीय गुरप्रीत सिंह ने पार्षद सुरजीत कौर से बिटना गांव में 30 बिसवा जमीन खरीदने के लिए लाखों रुपये चुकाए। करीब 25 दिन पहले विभागीय अधिकारियों से गुरप्रीत को जानकारी मिली कि जो जमीन उन्होंने खरीदी है। उसमें से 15 बिसवा जमीन किसी और को दोबारा बेच दी गई है।
जमीन बेचने के लिए फर्जी दस्तावेज भी तैयार कराए गए। इसके चलते खरीददार गुरप्रीत सिंह को लगभग 40 लाख रुपये की चपत लगी है। पुलिस ने इस मामले में पार्षद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। छानबीन जारी है। जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- उमेद सिंह, एसएचओ, कालका