यूनियन के फंड में लाखों रुपयों का गबन करने के आरोप में यूनियन के पूर्व प्रधान पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नही हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ निर्माण मजदूर यूनियन के प्रधान इंदरजीत सिंह ग्रेवाल ने यूनियन के पूर्व प्रधान यज्ञ नारायण तिवारी के खिलाफ शिकायत दी कि उन्होंने सदस्यों से यूनियन के नाम पर पर्चियां काटी व पैसा यूनियन के फंड में जमा नही करवाया।
ग्रेवाल ने आरोप लगाया कि इस प्रकार तिवारी ने करीब 2.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। यज्ञ नारायण तिवारी 2011 -12 में यूनियन के प्रधान थे। ग्रेवाल ने बताया कि धोखाधड़ी का पता तब चला जब उससे पैसों का हिसाब मांगा गया। ग्रेवाल ने बताया कि उस समय खुद तिवारी ने माना था कि उसने 2.5 लाख रुपये का घोटाला किया है।
यूनियन में इस समय करीब 500 सदस्य है। तिवारी सदस्यों से यूनियन के किसी काम के लिए पैसों ले कर बकायदा यूनियन की रिसिप्ट दी थी। मगर वो पैसे यूनियन में नही जमा करवाए थे। यूनियन के मौजूदा प्रधान घोटाला सामने आने के बाद मामले की शिकायत पुलिस में दी थी। डीए लीगल सेल की सलाह लेने के बाद पुलिस ने यज्ञ नारायण तिवारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला सेक्टर 19 पुलिस स्टेशन में दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामला की जांच पूरी होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।