सेक्टर-34 पुलिस ने फ्लैट नाम न होने के बावजूद बेचने के मामले में सेक्टर-50 निवासी रोबिन शर्मा के खिलाफ लाखों रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता सेक्टर-44 सी निवासी जगतार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह प्रापर्टी में निवेश करने का कारोबार करता है। शिकायतकर्ता केअनुसार, उसे आरोपी ने 10 नवंबर को अपने घर पर फ्लैट का सौदा करने के लिए बुलाया।
जगतार के अनुसार, फ्लैट का सौदा 1 करोड़ 10 लाख रुपये में हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार, 15 लाख रुपये की राशि उसने टोकन मनी के तौर पर आरोपी को दे दी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि बाद में आरोपी बाकी राशि लेकर फ्लैट उसके नाम पर करवाने के लिए टाल मटोल करने लग गया। जब वह उसके घर गया तो उसकी मां धमकाने लगी।
उसने बताया पता करने पता चला कि आरोपी के नाम फ्लैट नहीं है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने उसे फोन करके कहा कि अगर वह फिर से उसके घर पर आएगा तो वह खुदकुशी कर लेगा और सुसाइड नोट पर शिकायतकर्ता का नाम लिख देगा।
पुलिस ने शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।