जाली दस्तावेजों पर 4 को दुबई भेजने की फिराक में दो एजेंट काबू
- फोटो : demo pic
पुलिस ने एयरपोर्ट के चीफ इमिग्रेशन अफसर संजीव कुमार की शिकायत पर दो ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में केस दर्ज किया है।
आरोपियों की पहचान लवप्रीत पुंज निवासी धूरी व अजमेर सिंह ढिल्लों निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों कबूतरबाजों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को शनिवार को मोहाली अदालत में पेश किया जाएगा।
एयरपोर्ट थाने के एसएचओ बल ने बताया कि दुबई जाने वाली फ्लाइट में दो ट्रेवल एजेंट ने चार लोगों को जाली दस्तावेजों के आधार पर विदेश भेजने का प्रयास किया। लेकिन उन पर इमिग्रेशन अधिकारियों की नजर पड़ गई। चीफ इमिग्रेशन अफसर संजीव कुमार ने मोहाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे दुबई जाने वाली फ्लाइट से जाने वाले चार व्यक्ति मनदीप सिंह व जगदीश सिंह लुधियाना दोनों सगे भाई और खुशहाल सिंह व गुरप्रीत सिंह निवासी धूरी को संदेह के आधार पर इमिग्रेशन काउंटर पर रोक कर उनके दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान पता चला कि वह जाली दस्तावेजों से वर्क परमिट पर दुबई जाने वाले हैं। उनके साथ ट्रेवल एजेंट लवप्रीत पुंज व अजमेर सिंह ढिल्लों भी थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मनदीप सिंह, जगदीश सिंह, खुशहाल सिंह और गुरप्रीत सिंह ने सरकारी गवाह बनकर पुलिस के पास दर्ज करवाए। अपने बयानों में बताया कि ट्रेवल एजेंट लवप्रीत और अजमेर सिंह ढिल्लों ने उन्हें वर्क परमिट पर दुबई भेजने के लिए पचास-पचास हजार रुपये लिए हैं। वहीं, दुबई पहुंचकर पचास-पचास हजार और देने की बात कही गई थी। पुलिस ने चारों लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को शनिवार को मोहाली अदालत में पेश किया जाएगा।