भिवानी-लोहारू मुख्य मार्ग पर पर गांव सिंघानी के समीप फॉरच्यूनर व स्वीफ्ट कार की आमने-सामने की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा रविवार दोपहर बाद हुआ। जिसमें दो लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने भिवानी अस्पताल लाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
इस सड़क हादसे में दोनों ही गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में घायलों को भी शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना लोहारू पुलिस को दी गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर वहीं दो मृतकों के शव भिवानी जिला सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिए। वहीं मृतकों के शवों का सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
भिवानी-लोहारू मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर बाद तीन बजे गांव सिंघानी के समीप नहरी पुलिया से थोड़ा निकलते ही दुर्घटना संभावित मोड़ पर दिल्ली से सिंघानी जा रहे मनोज की स्वीफ्ट डिजायर कार की लोहारू की तरफ से आ रही फॉरच्यूनर कार के साथ सीधी टक्कर हो गई। स्वीफ्ट डिजायर कार में डिघल निवासी 38 वर्षीय मनोज, गांव सिंघानी निवासी 28 वर्षीय मनोज, राजस्थान के झूंझनू जिला के गांव काजला का बास निवासी 27 वर्षीय विकास और अलवर जिला के 23 वर्षीय नीरज कार में सवार थे।
इस सड़क हादसे में डिघल निवासी मनोज व अलवर निवासी नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल विकास व मनोज ने भिवानी जिला सामान्य अस्पताल लाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इस हादसे में मृतक मनोज व नीरज का शव को लोहारू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। जबकि मनोज व विकास के शव भिवानी जिला सामान्य अस्पताल के डेड हाउस में रखवाए गए हैं।
मृतक विकास अपने तीन दोस्तों के साथ गांव सिंघानी में अपने साले के लड़के के जन्म पर दशोठन समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। लोहारू पुलिस थाना प्रभारी कर्णपाल सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।