अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे गांव घोलू माजरा के पास सोमवार शाम को करीब पौने छह बजे गलत दिशा से आ रही जेसीबी और हरियाणा रोडवेज की वॉल्वो बस की टक्कर हो गई। इसमेें बस परिचालक, जेसीबी चालक व परिचालक और साइकिल सवार घायल हो गया।
घायलों को डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल और जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है।
चंडीगढ़ से गुड़गांव जा रही हरियाणा रोडवेज की वॉल्वो बस गांव घोलू माजरा के चौक पर पहुंची तो सामने से गलत दिशा से आ रही जेसीबी से टकरा गई।
बस को जेसीबी के करीब पहुंचने पर चालक ने बस बाईं और मोड़ दी। साथ चल रही इनोवा कार को बचाने के प्रयास में बस जेसीबी मशीन से जा भिड़ी। हादसे में बस परिचालक सुरिंदर सिंह, जेसीबी का चालक सोनू और हेल्पर सुजान सिंह जख्मी हो गया। टक्कर से जेसीबी डिवाइडर पर पलट गई।
उसकी चपेट में आने से एक साइकिल चालक उदय बाबू निवासी दप्पर भी जख्मी हो गया। सभी घायलों को डेराबस्सी के सिविल अस्पताल मेें पहुंचाया गया। वहां से बस के परिचालक सुरिंदर सिंह और साइकिल सवार उदय को जीएमसीएच-32 में शिफ्ट कर दिया गया। हादसे के समय बस में 49 सवारियां सवार थीं।लैहली पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।