बड़े भाई ने पिस्तौल से गोली दाग छोटे भाई (सेवानिवृत्त फौजी) की हत्या कर दी। फौजी अपने भाई के घर चल रहे घरेलू झगड़े का समझौता करवाने गया था कि उलटा उसी से झगड़ा करने लगे और फौजी से पिस्तौल छीनकर उस पर गोली दाग दी। यह पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव माहूआना बोदला की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक फौजी जगसीर सिंह की पत्नी शीलो बाई निवासी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका पति सेना में नौकरी करता था, जो पांच साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। उसका पति जगसीर और देवर परमजीत सिंह खेत से कामकाज कर घर लौटे थे कि उनके घर के पास ही जेठ बलजिंदर सिंह का घर है।
जेठ के घर में प्रीतम सिंह, बलकार सिंह और भतीजा मनदीप सिंह आपस में झगड़ रहे थे। उसके पति ने कहा कि इनका समझौता करवाकर आता हूं यह कहकर दोनों जेठ के घर चले गए। वहां पर आरोपियों ने उलटा उसके पति से ही झगड़ा शुरू कर दिया।
जगसीर को जमीन पर गिराकर उससे मारपीट करने लगे। इस बीच जगसीर का लाइसेंसी पिस्तौल गिर गया, जिसे जेठ बलकार ने उठा लिया और जगसीर पर गोली दाग दी। गोली फौजी के पेट में जाकर लगी। जख्मी हालत में फरीदकोट के अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
उधर, उक्त वारदात की तफ्तीश कर रहे एएसआई सुभाष चंद्र ने कहा कि शीलो बाई के बयान पर उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जगसीर का बहुत पहले अपने भाई बलविंदर के साथ झगड़ा हुआ था, पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। उसके बाद लोगों ने उनका समझौता करवा दिया था। इसी रंजिश के तहत जगसीर को गोली मारी है।