पालिका बाजार में व्यापारी कृष्णलाल खट्टर को गोली मारने वाले हमलावर का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। इस आधार पर पुलिस पहचान करके उसके पकड़ने में लगी है। एसपी शशांक आनंद की ओर से हमलावर का फोटो जारी किया गया है। इसके अलावा पुलिस की ओर से कहा गया है कि बदमाश की पहचान बताने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। बदमाश की पहचान बताने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। बदमाश के बारे में कोई भी जानकारी 8222944101 पर देने के लिए कहा गया है।
व्यापारियों में दिखी एकता, अभी बाजार बंद रहेगा
रोहतक। व्यापारी कृष्णलाल खट्टर को गोली मारने के बाद पालिका बाजार में व्यापारियों ने एकता दिखाई और बाजार बंद करने का निर्णय लिया। व्यापारी गुलशन निझावन, सतपाल, कपिल नागपाल आदि ने कहा कि वह सभी कृष्णलाल के साथ हैं और उनकी हर संभव मदद करेंगे। प्रधान गुलशन निझावन ने कहा कि अभी बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया है, लेकिन किसी से जबरदस्ती नहीं की जाएगी। व्यापारी अपनी इच्छा से सहयोग दे सकते हैं। कृष्णलाल को गोली मारने वाले आरोपी का जल्द से जल्द पकड़ा जाना जरूरी है।