पार्क में सैर कर घर लौट रही युवती पर पिस्तौल से फायर कर युवक फरार हो गया। भागते हुए आरोपी की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। यह वारदात सोमवार रात करीब 9.30 बजे रुचिका (25) के साथ हुई। हिमाचल के ऊना में ब्याही रुचिका अपने मां-बाप के घर सेक्टर 40 के मकान नंबर 914 में आई हुई थी।
वह घर के पास के पार्क में सैर करने गई थी। रुचिका ने बताया कि जब वह पार्क में टहलकर घर वापस लौट रही थी तभी एक युवक उसके पास पहुंचा और उसके सिर पर पिस्तौल रख दी। पिस्तौल देखकर वह चिल्ला उठी तभी युवक ने गोली भी चला दी, लेकिन गोली उसको बिना छुए सिर के ऊपर से निकल गई।
रुचिका के भाई ने राहुल ने बताया कि गोली की आवाज व रुचिका की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। गोली की आवाज सुनकर लोग रुचिका के पास दौड़े तो आरोपी पास में खड़े बाइक सवार युवक की बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। घटना के बाद से ही परिवार सहमा हुआ है।
परिजनों ने बताया कि रुचिका चार पांच दिन पहले ही वो ऊना से सेक्टर 40 अपने माता- पिता के पास आई थी। उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। इसलिए किसी पर भी शक नहीं किया जा सकता।जब गोली चलाकर आरोपी मौके से भागे तो पास के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की तस्वीर कैद हो गई है।
केस दर्ज नहीं, पुलिस कह रही छोटी बात
परिजनों के मुताबिक हो सकता है कि हमलावर किसी और को मारने आए हो और गलती से रूचिका पर गोली चला दी हो। परिजनों का कहना है कि घटना कि शिकायत पुलिस को तुरंत दे दी गई। लेकिन पुलिस ने अभी तक मामला भी दर्ज नहीं किया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस कह रही है यह तो छोटी सी बात है।
दिलशेर चंदेल, एसएचओ, सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन ने बताया कि गोली चलाने की शिकायत मिली है। मामले को वेरिफाई किया जा रहा है । प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। घटना कि पुष्टि होने पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की जाएगी।