जीरकपुर गांव में शुक्रवार देर शाम स्विफ्ट कार में आए युवकों पर दो युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवकों द्वारा की गई फायरिंग में कार सवार सतविंदर सिंह और कुलवंत सिंह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने पीड़ित युवक सतविंदर सिंह की शिकायत पर संपत मेहरा निवासी अमृतसर के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी भिंदर सिंह ने बताया कि सतविंदर सिंह (23) निवासी गांव रामपुर थाना बनूड़ लाल रंग की स्विफ्ट कार से अपने दोस्त कुलवंत सिंह निवासी बलटाना के साथ जीरकपुर स्थित पुराने नगर काउंसिल ऑफिस के पास पीजी में रह रहे एक दोस्त से मिलने गए थे। शाम करीब छह बजे जब वह कार से पीजी के पास पहुंचे तो पीछे से पैदल आ रहे दो युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने तीन फायर किए, इनमें से एक गोली कार की खिड़की और एक शीशे पर लगी और एक हवा में चलाई गई।
कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुआ था झगड़ा
दोस्त से मिलने आए युवकों पर फायरिंग
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने मौके से दो गोलियों के खोल और एक कारतूस बरामद किया है। मौके से बरामद दो गोलियों के खोल और कारतूस अलग किस्म के हैं, इससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि दोनों हमलावरों के पास काफी असलहा है।
वहीं, सतविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित खालसा कॉलेज में पढ़ाई करते था, उस दौरान उनकी अपने सीनियर संपत मेहरा निवासी अमृतसर के साथ झगड़ा हो गया था और दोनों में रंजिश थी। शिकायत में आरोप लगाया कि उन पर संपत ने जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाई है।
पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए संपत और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यहां पर स्थित पीजी में अकसर युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। इस कारण मोहल्ले के लोग परेशान हैं।