दिवाली की रात जब चारों ओर पटाखों का शोर था, उसी दौरान स्थानीय पुलिस लाइन के मालखाने से इंचार्ज हवलदार कुलविंदर सिंह एक एके-47 और एक 9 एमएम की पिस्तौल निकालकर अपने गांव ले गया। घटना पंजाब के मोगा की है।
वहां उसने शराब के नशे में एके-47 से करीब 75 गोलियां चलाकर ‘दिवाली की आतिशबाजी’ की। सिटी थाना पुलिस ने आरोपी हवलदार के खिलाफ गबन और फायरिंग के मामले में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। विभाग ने कुलविंदर सिंह को निलंबित कर दिया है।
मानखाने से हथियार निकालने और फायरिंग करने का यह मामला दिवाली के अगले ही दिन अफसरों के सामने आ गया जब आरोपी हवलदार का बेटा अपने पिता द्वारा लाए गए दोनों हथियार लेकर जिला पुलिस लाइन के एएसआई रणजीत सिंह के पास पहुंच गया और उसने रात की घटना बयान कर दी।
लाइन अफसर ने मामले की सूचना आला अफसरों को दी, जिनके निर्देश पर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर हवलदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।