चंडीगढ़ में सीसीटीवी में कैद आरोपी और दीवार में बनाया गया छेद।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के सेक्टर-29 स्थित एलजी शोरूम के गोदाम की दीवार तोड़कर चोरों ने 50 एलईडी टीवी पर हाथ साफ कर दिया। दीवार में करीब तीन फुट का छेद बनाकर आरोपियों ने एलईडी बाहर निकाले। हालांकि आरोपियों की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला सोमवार देर रात का है।
सेक्टर-29 के आयरन मार्केट स्थित प्लॉट नंबर 203 में वीके डिस्ट्रीब्यूटर के नाम से एलजी का गोदाम है। सोमवार शाम करीब 7.30 बजे गोदाम बंद कर दिया गया था। गोदाम के मालिक विनोद गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे गोदाम खोला गया तो पिछले कमरे की दीवार टूटी दिखी।
चेक किया तो दूसरी जगह से भी एक दीवार टूटी मिली। सूचना पर औद्योगिक थाना क्षेत्र प्रभारी हरमिंदरजीत सिंह, एएसआई परमिंदर सिंह, सुरेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। विनोद ने बताया कि गोदाम से 50 एलईडी टीवी गायब हैं, जिनमें 22 इंच की 43 एलईडी हैं। इनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
जीरकपुर में इलेक्ट्रॉनिक दुकान से चोरी के आरोपी पर शक
पुलिस ने गोदाम में लगे सीसीटीवी खंगाले तो एक आरोपी दिखा, जिसकी उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है। आरोपी ने वारदात को रात 1.30 बजे से तड़के 4 बजे के बीच अंजाम दिया। शक है कि आरोपी महिंद्रा पिकअप से एलईडी ले गया है। विनोद गुप्ता ने बताया कि दो साल पहले जीरकपुर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी हुई थी। उसकी फुटेज भी सामने आई थी। पुलिस ने शक जाहिर किया कि आरोपी उसी चोर की तरह लग रहा है।
सामान बड़ा होने पर दोबारा तोड़ी दीवार
गोदाम के मालिक विनोद गुप्ता ने बताया कि चोरों ने पहले गोदाम के एक तरफ की दीवार तोड़ी। इसमें फ्रिज, समेत कुछ अन्य बड़े इलेक्ट्रॉनिक सामान थे। चोर उस छोटी जगह से बाहर सामान बाहर नहीं निकाल सके। इसके बाद गोदाम के बगल दूसरी तरफ की दीवार को दोबारा तोड़ा और वारदात को अंजाम दिया। करीब ढाई घंटे की वारदात में भनक तक नहीं लगने दी। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में एक से ज्यादा आरोपी शामिल थे। फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।