डेरा बाबा नानक के गांव झंगी पन्नवां में धान रोपाई के लिए जा रहे एक व्यक्ति को सड़क पर अपने 22 साल के बेटे का रक्तरंजित शव मिला। सदमे में आए पिता ने तुरंत डेरा बाबा नानक पुलिस को सूचित किया। डेरा बाबा पुलिस ने पिता के बयानों पर हरप्रीत सिंह, सुरजीत सिंह, सरूप सिंह, कुलदीप सिंह और हरभजन सिंह समेत आठ लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
पुलिस को दिए बयान में गांव झंगी पन्नवां के अमरीक मसीह ने बताया कि वह रविवार सुबह अपने कुछ साथियों के साथ खेतों में धान की रोपाई के लिए जा रहा था। रास्ते में उसका बेटा विक्की का शव खून से लथपथ मिला। उसके शरीर पर तेज हथियारों के निशान थे। उसी दौरान घटनास्थल पर विक्की का दोस्त गुरप्रीत सिंह पहुंचा। गुरप्रीत ने उसे बताया कि शनिवार को वह और विक्की गांव के ही हरप्रीत सिंह हरिया की बहन की शादी समारोह में गए थे।
शनिवार रात 11 बजे तक वह और विक्की हरिया के घर में डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान हरप्रीत उर्फ हरिया, सरुप सिंह, सुरजीत सिंह, कुलदीप सिंह उर्फ काली, हरभजन सिंह औैर उनके कुछ रिश्तेदार उनसे झगड़ने लगे। इस झगड़े के दौरान आरोपियों ने गुरप्रीत के नाक पर मुक्का मार कर उसे बेहोश कर दिया और तेजधार हथियारों से हमला करके विक्की को घायल कर दिया।
गुरप्रीत का कहना है कि बेहोशी की हालत में हरिया के घरवाले उसे घर छोड़ गए थे। उसे लगता है कि आरोपियों ने ही विक्की का कत्ल करके उसके शव को सड़क पर फेंक दिया। इससे पहले विक्की और गुरप्रीत सिंह आरोपियों के घर काम करने के बाद वहीं रह लेते थे।
एसएचओ डेरा बाबा नानक कुलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में मृतक विक्की के पिता अमरीक मसीह ने कहा है कि शादी समारोह में हुए झगड़े के कारण ही कत्ल जैसी वारदात हुई हैै। एसएचओ ने बताया कि पुलिस थाना डेरा बाबा नानक में हरप्रीत सिंह, सुरजीत सिंह, सरूप सिंह, कुलदीप सिंह और हरभजन सिंह समेत आठ लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।