कर्ज के बोझ तले दबे एक किसान ने आखिर में हारकर अपनी जान दे दी। मामला हरियाणा के रोहतक का है। सांपला क्षेत्र के गांव अटायल में किसान ने बैंक से लिया गया 14 लाख का कर्ज नहीं चुका पाने के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव अटायल का 45 वर्षीय किसान नरेश खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। बताया गया कि शनिवार की देर रात किसान ने घर पर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि नरेश ने दतौड़ के पीएनबी बैंक से लोन 14 लाख रुपये का लोन लिया हुआ था।
उसने खेत में बाजरा और धान की फसल उगाई थी। बारिश के कारण फसल भी बर्बाद हो गई थी। इस कारण काफी समय से परेशान रहने लगा था। कर्ज न चुका पाने से क्षुब्ध होकर ही उसने फांसी लगाकर जान दे दी। ग्रामीणों ने भी पीड़ित किसान को प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है। उधर, एसएचओ सांपला कुलबीर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
परिवार में एक बेटा और दो बेटी
किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। किसान के परिवार में एक बेटा और दो बेटी हैं। बड़ी बेटी प्रियंका की शादी हो चुकी है जबकि दो बच्चे अभी अविवाहित हैं। छोटा बेटा राहुल एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। नरेश के दो भाईयों की पहले ही बीमारी के कारण मौत हो चुकी है।