तुम्हारे पास जो कुछ भी है, मुझे दे दो। नहीं तो मैं तुम्हे रेप के केस में फंसा दूंगी। महिला ने धमकी दी और सब छीनकर ले गई। यह वारदात हुई जीरकपुर में। इस वारदात में महिला का साथ दिया पंजाब पुलिस के एक सहायक इंस्पेक्टर ने। मिली
जानकारी के अनुसार, सहायक इंस्पेक्टर और उसकी साथी महिला ने हरियाणा के एक युवक मोहित सपरा को रेप केस में फंसाने की धमकी दी और लूट लिया। महिला सादे कपड़े पहने थे। व्यक्ति खुद को सहायक इंस्पेक्टर और दूसरे व्यक्ति ने खुद को कांस्टेबल बताया।
लूट के सामान में करीब साढे़ 14 हजार रुपये की नकदी, उसके दोस्त गौरव की जेब से साढ़े 8 हजार की नकदी व कार की डैश बोर्ड में पड़े एप्पल कंपनी के तीन महंगे मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके मामले की जांच शुरू कर दी।
महिला के साथ थे दो पुलिस वाले
पुलिस को दी शिकायत में मोहित सपरा ने बताया कि एक फरवरी को वह गौरव गांधी निवासी दिल्ली के साथ पंचकूला में रहने वाले रिश्तेदार विकास शर्मा उर्फ विक्की को एप्पल कंपनी के तीन नए हेंडसेट देने के लिए आ रहा था। किसी काम से वे रास्ते में रुके। जैसे ही वे रुके, एक सफेद स्विफ्ट उनके पास आकर रुकी।
कार में से पुलिस की वर्दी पहने अधिकारी और साधारण कपड़ों में एक अन्य व्यक्ति व महिला बाहर आए। साधारण कपड़ों में व्यक्ति ने अपने आप को कांस्टेबल बताया और वर्दी पहने व्यक्ति ने खुद को सहायक इंस्पेक्टर बताया।
इसके बाद पुलिस की वर्दी में व्यक्ति कहने लगा कि उन्हें सूचना मिली है कि तुम लड़कियां सप्लाई करते हो और कार की तलाशी लेनी है। साथ ही उनके साथ मौजूद महिला ने झूठा रेप का केस दर्ज कराने की धमकी देते हुए पैसे और मोबाइल छीन लिए।
पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़े आरोपी
थाना प्रभारी दीपइंद्र सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने के बाद से पुलिस लगातार इनकी तलाश में थी। बुधवार को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में एक स्विफ्ट कार घूम रही है और जो किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। जिसके बाद एसआई हरजिंदर सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन करते हुए सिंघपुरा के पास लगाए नाके पर देर शाम कार सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दीपइंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस की वर्दी पहने व्यक्ति की पहचान फकीद चंद निवासी पटियाला के रूप में हुई जो फाजिल्का में पंजाब पुलिस के वायरलेस विभाग में सहायक इंस्पेक्टर तैनात है। वह पिछले तीन दिनों से छुट्टी पर चल रहा है। जबकि दूसरे आरोपी की पहचान निर्मल सिंह निवासी पटियाला के रूप में हुई है जो पटियाला में स्थित एक सरकारी बैंक में बतौर क्लर्क है।
वहीं महिला अभी फरार है जिसकी पहचान हरजिंदर कौर निवासी जीरकपुर के रूप में हुई है जो वारदात वाली रात झूठे छेड़छाड़ व रेप के केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। बताया गया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी अन्य जिलों में मामले दर्ज हैं जिसकी पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों को कल अदालत पेश किया जाएगा।