यू ट्यूब से जाली करेंसी तैयार करने का तरीका सीख दो लोगों ने 1.69 लाख रुपये के जाली नोट छाप डाले। थाना दाखा पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड हासिल किया। थाना दाखा प्रभारी अजैब सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो लोग जाली नोट छापने का काम कर रहे हैं।
पुलिस ने सूचना के आधार पर छापा मारकर गांव रकबा निवासी हरविंदर सिंह उर्फ हरी और गांव जांगपुर निवासी बलजिंदर सिंह उर्फ गैरी को काबू किया। उनके पास से पुलिस ने दो सौ रुपये के 408 और सौ रुपये के 879 जाली नोट बरामद किए। पुलिस ने मौके से नोट तैयार करने वाले कागज का रिम और प्रिंटर सहित अन्य सामान बरामद किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे आठ माह से इस काम में लगे हैं। पहले उन्होंने खुद के लिए कुछ नोट तैयार किए थे, लेकिन उनकी क्वालिटी अच्छी नहीं होने के कारण ज्यादा चले नहीं। इसके बाद उन्होंने कुछ अच्छे किस्म का कागज लेकर जाली करेंसी तैयार की है। पुलिस ने दोनों का रिमांड लिया है, इसमें खुलासा होगा कि उन्होंने नोट किसी को सप्लाई किया है या नहीं।