मोहाली में खरड़ स्थित गिलको वैली में एक निर्माणाधीन कोठी में रहने वाला पूर्व सैन्य अधिकारी और उनकी पत्नी बेहोश मिले, जबकि कुक फरार था। बताया जा रहा है कि कुक घर के मालिकों को खाने में कुछ मिलाकर बेहोश करके घर की मालकिन की सोने की चूड़ियां और मालिक का सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया। बेहोश पति पत्नी को सरकारी अस्पताल खरड़ में इलाज के लिये भर्ती करवाया है। घटना के कई घंटे बीत जाने पर भी पति-पत्नी पूरी तरह होश में नही हैं।
घटना का शिकार बजुर्ग महिला का स्वेटर खून से सना हुआ है परंतु बेहोशी के कारण उसे इस बात का पता ही नहीं है कि उनके शरीर पर कहां कहां जख्म हैं और कहां से खून निकला है। डाक्टरों द्वारा पति पत्नी को विशेष निगरानी में रखा जा रहा है। सरकारी अस्पताल खरड़ में उपचाराधीन गिलको वैली की कोठी नंबर 578 के मालिक रिटायर्ड कर्नल सुखदेव सिंह (73) की पत्नी गुरजीत कौर (70) ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले एक कुक (गोरखा) को घर में खाना बनाने के लिए रखा था, जो तीन बार खाना बनाने आता था।
मंगलवार को भी कुक ने खाना बनाकर पति-पत्नी को दिया, लेकिन खाना खाने के कुछ समय बाद ही उन्हें नींद आने लगी। इस दौरान उन्हें महसूस हुआ कि कोई उनकी सोने की चूड़ियां उतार रहा है। साथ ही दूसरे कमरे से किसी के बोलने की आवाज आने लगी। लेकिन बेहोशी के कारण वह कुछ नहीं कर सकीं। कुछ समय बाद उन्होंने पास में रह रहे अपने रिश्तेदारों को इस बारे में जानकारी दी। जब उनके रिश्तेदार वहां पहुंचे तब तक कुक फरार हो चुका था।
बुजुर्ग महिला के हाथों से सोने की चूड़ियां व उनके पति के हाथ से सोने का कड़ा गायब था। बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह अभी तक पूरी तरह होश में नही हैं। उनके रिश्तेदारों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दे दी है। इस घटना की जांच कर रहे एएसआई हरजीत सिंह ने बताया कि अज्ञात युवक को कुक रखने से पहले बुजुर्ग पति-पत्नी ने उसकी पहचान के लिए उससे जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं लिया है और न ही उसकी वेरिफिकेशन करवाई है।
पुलिस ने शक के आधार पर पूछताछ के लिए दो युवकों का राउंडअप किया है। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के पूरी तरह होश में आने के बाद ही वह इस अज्ञात युवक के बारे में कुछ जानकारी दे सकेंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।