जंडियाला गुरु इलाके में सोमवार को बाइक सवार हैप्पी जट्ट गैंग के दो गुर्गों और पुलिस के बीच फायरिंग में एक आरोपी जख्मी हो गया। जवाबी फायरिंग कर सीआईए (अपराध जांच एजेंसी) स्टाफ (देहात) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाइक चालक को दो गोलियां लगीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की एक कंट्री मेड पिस्तौल और तीन खोल और चार कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए ठट्ठियां गांव निवासी हीरा सिंह और हरप्रीत सिंह से की गई पूछताछ के बाद 18-19 अगस्त 2023 की मध्यरात्रि जंडियाला गुरु में हुए राम शरण बाबा हत्याकांड का खुलासा भी कर दिया। उक्त दोनों आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी जट्ट ड्रग गैंग के सदस्य हैं। आरोपी हीरा और हरप्रीत ने हैप्पी जट्ट के कहने पर ही राम शरण बाबा हत्याकांड को अंजाम दिया था, जिसका अभी तक पुलिस को कुछ पता नहीं चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक सीआईए की टीम ने सोमवार को जंडियाला गुरु के पास नाकेबंदी कर रखी थी। इस दौरान ही एक मोटरसाइकिल पर दो युवकों को आते देखा तो उन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की और फरार हो गए। पुलिस ने भी इनका पीछा किया और बाइक सवारों पर फायरिंग कर दी। एक गोली मोटरसाइकिल चालक की बायीं टांग और एक गोली ठोड़ी पर लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि उक्त आरोपी पर 16 जुलाई को भंगवा में फायरिंग करने, 11 सितंबर 2023 को हत्या प्रयास और असलहा एक्ट का केस दर्ज है।