मामूली झगड़े में एक बुजुर्ग की नाक काटने की वारदात सामने आई है। मामला पंजाब के फिरोजपुर का है। यहां के थाना गुरुहरसहाए के अंतर्गत गांव पंजेके उताड़ में हुए मामूली झगड़े में एक व्यक्ति ने 62 वर्षीय बुजुर्ग पर कस्सी से हमलाकर उसकी नाक काट दी। खून में लथपथ बुजुर्ग को अमृतसर के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने पीड़ित के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है। किशन लाल (62) निवासी पंजेके उताड़ ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह और उनका बेटा घरेलू कामकाज संबंधी मंगल सिंह के आरे पर गए थे। वहां पर आरोपी गुलजार सिंह किसी बात को लेकर मंगल सिंह से झगड़ा कर रहा था।
जैसे ही किशन आरे पर पहुंचे तो उसने गुलजार सिंह को समझाने की कोशिश की। गुलजार ने गुस्से में आकर किशन पर कस्सी से वार किया। कस्सी किशन की नाक पर लगी और नाक कट गई। गुलजार वहां से फरार हो गया। थाना गुरुहरसहाए के सब-इंस्पेक्टर दर्शन सिंह ने किशन के बयान पर आरोपी गुलजार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।